Raipur Police Samvad Se Samadhan Abhiyan रायपुर | रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा संवाद से समाधान अभियान के अंतर्गत होटल, ढाबा, लॉज एवं बार संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक सिविल लाइन रायपुर स्थित सी/04 भवन के सभाकक्ष में संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) मयंक गुर्जर ने की। बैठक में एडीसीपी आकाश मरकाम एवं एसीपी पूर्णिमा लामा विशेष रूप से उपस्थित रहे। नार्थ जोन के अंतर्गत थाना खमतराई, उरला, गुढ़ियारी, पंडरी एवं खम्हारडीह क्षेत्र के समस्त होटल, ढाबा, लॉज एवं बार संचालक बैठक में शामिल हुए।
पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने प्रतिष्ठानों के संचालन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं लाइसेंस शर्तों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने समय-सीमा के पालन, अवैध गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध तथा प्रतिष्ठानों में प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में होटल एवं लॉज में ठहरने वाले ग्राहकों का विधिवत रिकॉर्ड संधारित करने, पहचान पत्रों की जांच, सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी, महिला एवं आम नागरिकों की सुरक्षा, नशे से संबंधित गतिविधियों पर सतर्कता तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर एडीसीपी आकाश मरकाम एवं एसीपी पूर्णिमा लामा ने भी संचालकों से पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने, कानून-व्यवस्था में सहयोग करने तथा समाज में सकारात्मक वातावरण बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिस एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के बीच संवाद स्थापित कर आपसी सहयोग के माध्यम से कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा। बैठक में उपस्थित संचालकों ने भी सभी बिंदुओं पर सहमति जताते हुए पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
Read More : Bhilai News : रेलवे ओवरब्रिज से 20 फीट नीचे कूदा निगम कर्मचारी, पैर टूटा, कहा- घर वाले बोलते हैं मेंटल

