दुर्ग | छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के तहत दुर्ग में बिजली विभाग द्वारा “प्रदेश की प्रगति का उत्सव” भव्य रूप से मनाया गया। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) दुर्ग क्षेत्र के संचारण-संधारण संभाग द्वारा सीएसआईटी इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित इस समारोह में दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चन्द्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ललित चन्द्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ बिजली के क्षेत्र में सरप्लस राज्य है, जो प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त बिजली उपलब्ध होने के कारण आने वाले समय में देश का सबसे बड़ा निवेश छत्तीसगढ़ में आएगा। जब भारत 2047 में विकसित राष्ट्र बनेगा, तब उसमें छत्तीसगढ़ की बिजली का योगदान सबसे महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से ग्रीन एनर्जी की ओर बढ़ने की अपील करते हुए कहा कि विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी आज की आवश्यकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू ने की। इस अवसर पर बिजली विभाग में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही समय पर बिजली बिल भुगतान करने वाले, ऊर्जा संरक्षण में योगदान देने वाले आदर्श घरेलू, कृषि एवं बीपीएल श्रेणी के उपभोक्ताओं तथा सर्वप्रथम सौर ऊर्जा अपनाने वाले उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
समारोह स्थल पर बिजली विभाग द्वारा विशेष स्टॉल लगाए गए, जहां प्रोजेक्टर के माध्यम से पीएम सूर्य घर योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उपभोक्ताओं को बिजली की बचत, सुरक्षित उपयोग एवं सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रिया साहू, आशा विक्की मिश्रा, मण्डल अध्यक्ष उतई शीतला ठाकुर सहित विभिन्न सरपंचगण उपस्थित रहे। विभागीय अधिकारियों में अधीक्षण अभियंता दुर्ग वृत्त आर.के. मिश्रा, कार्यपालन अभियंता छगन शर्मा, सहायक अभियंता अविनाश दुबे एवं श्रीकांत बड़गैया सहित बड़ी संख्या में सहायक व कनिष्ठ अभियंताओं और कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
Read More : रायपुर पैरा एथलेटिक्स में भूपेश यादव ने जीते दो गोल्ड, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने बढ़ाया मदद का हाथ

