रायपुर: भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व विधायक लता उसेण्डी ने केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ की बेटियों, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के लिए विशेष रूप से लाभकारी है। लता उसेण्डी ने बताया कि बजट में देश के हर जिले में महिला छात्रावास खोलने की घोषणा की गई है, जिससे छत्तीसगढ़ के 33 जिलों की बेटियों और मातृशक्ति को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि कैंसर के इलाज के लिए 17 नई दवाओं पर कस्टम ड्यूटी में कटौती की गई है, जिससे मरीजों के लिए इलाज अधिक किफायती और सुलभ होगा। इसके अलावा देश में 3 नए आयुर्वेद कॉलेज और 3 फार्मास्युटिकल शिक्षा संस्थान खोलने की घोषणा भी बजट में शामिल की गई है, जो राज्य की शैक्षिक दावेदारी को मजबूत बनाएगा।
रेलवे सेक्टर में छत्तीसगढ़ के लिए बजट में विशेष वृद्धि की गई है। राज्य में खरसिया-नया रायपुर-परमलकसा (278 किमी) और रावघाट-जगदलपुर (140 किमी) रेल लाइनों के निर्माण और सुधार के लिए पर्याप्त फंड आवंटित किया गया है, जिससे परियोजनाओं में तेजी आएगी और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
लता उसेण्डी ने केंद्रीय बजट को महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि इससे छत्तीसगढ़ के विकास और युवाओं के अवसरों में वृद्धि होगी।
Read More : ‘विकसित भारत 2047 की दिशा में मजबूत कदम’, बजट 2026-27 को लेकर योगेश निक्की भाले का बयान

