आरंग, रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने संसद भवन में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026–27 का स्वागत करते हुए इसे दूरदर्शी सोच, मजबूत संकल्प और समावेशी विकास का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट “सर्वजन हिताय, बहुजन सुखाय” की भावना को सशक्त रूप से प्रतिबिंबित करता है और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में एक निर्णायक कदम है।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में तथा केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट कर्तव्य भवन में निर्मित पहला केंद्रीय बजट है, जो नए भारत की कार्यसंस्कृति, जवाबदेही और राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि भारत के उज्ज्वल भविष्य का एक ठोस रोडमैप है।
उन्होंने कहा कि बजट में तीन स्पष्ट कर्तव्य उभरकर सामने आते हैं—देश की आर्थिक ग्रोथ को मजबूती देना, आम जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करना तथा ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को धरातल पर उतारना। केंद्रीय बजट 2026–27 विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने की एक व्यावहारिक और प्रभावी रूपरेखा प्रस्तुत करता है।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने बताया कि इस बजट में गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग, व्यापारी, श्रमिक एवं उद्यमी—सभी वर्गों को केंद्र में रखकर नीतिगत प्रावधान किए गए हैं, जिससे सामाजिक संतुलन और आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित होगा। उन्होंने विशेष रूप से कृषि क्षेत्र को सशक्त करने, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, अधोसंरचना विकास, रोजगार सृजन, स्टार्टअप और एमएसएमई को प्रोत्साहन, डिजिटल इंडिया तथा आत्मनिर्भर भारत को गति देने वाले प्रावधानों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि ये सभी पहलें न केवल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी सृजित करेंगी। यह बजट सामाजिक न्याय और आर्थिक प्रगति के बीच संतुलन स्थापित करता है और भारत को वैश्विक मंच पर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अंत में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने केंद्रीय बजट 2026–27 के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह बजट राष्ट्र को विकास के नए शिखर तक ले जाने वाला एक ऐतिहासिक दस्तावेज़ सिद्ध होगा।
Read More : बजट 2026-27 पर कांग्रेस का तीखा प्रहार, राकेश ठाकुर ने कहा- जनता के साथ विश्वासघात

