कवर्धा में चूहे तो रायगढ़ में 3 लाख का धान चट कर गए हाथी, 2024 में भी किया था नुकसान

कवर्धा में चूहे तो रायगढ़ में 3 लाख का धान चट कर गए हाथी, 2024 में भी किया था नुकसान

रायगढ़ जिले की बंगुरसिया धान मंडी में हर साल हाथी आते हैं। जैसे ही धान खरीदी शुरू होती है, रात में हाथी मंडी पहुंचकर धान खाते और फैलाते हैं। इस बार 31 दिनों में हाथियों ने कुल 248 बोरी धान नष्ट कर दिया। इस नुकसान भरपाई वन विभाग करेगा।

मिली जानकारी के अनुसार, बंगुरसिया धान खरीदी केन्द्र में 17 दिसंबर 2025 से हाथियों का आना शुरू हुआ। पहले एक हाथी आता था, जो अपने दांत और सूंड से बोरी को नुकसान पहुंचाकर धान खाता और फैलाता।

अब यहां 3 से 5 हाथी रोज आते हैं। 17 दिसंबर से 16 जनवरी तक हाथियों ने 248.5 बोरी धान खा-फेंककर नुकसान किया। इस तरह 31 दिनों में यह नुकसान करीब 3 लाख 7 हजार 520 रुपए का हुआ। नुकसान की भरपाई वन विभाग करेगा।

2024 में 56 बोरा धान किया नुकसान

धान मंडी से मिली जानकारी के अनुसार, साल 2024 में भी हाथी मंडी आते थे, लेकिन तब संख्या कम थी। पिछले साल हाथियों ने 56 बोरी धान खाकर-फेंककर 70 हजार रुपए का नुकसान किया था। इस साल हाथियों की संख्या लगभग 31 हो गई है। अब हर रात एक से ज्यादा हाथी धान मंडी पहुंचकर नुकसान कर रहे हैं।

काफी देर में भरपाई मिल पाता है

सेवा सहकारी समिति बंगुरसिया के अध्यक्ष मनोज कुमार पटेल ने बताया कि इस बार हाथियों ने बहुत सारे धान के बोरे नुकसान पहुंचाए हैं। नुकसान का आंकलन वन विभाग करता है, लेकिन मुआवजा मिलने में काफी देर लगती है। बीती रात भी हाथी धान मंडी पहुंचे थे।

अभी आकलन किया जा रहा है

रायगढ़ रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि हर रात हाथी बंगुरसिया धान मंडी केंद्र में पहुंच रहे हैं। रात में हाथियों से होने वाले नुकसान का आकलन सुबह विभाग करता है। इसके बाद मुआवजा दिया जाएगा। हाथियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आसपास के गांवों में लोगों को सतर्क रहने की मुनादी कराई जाती है।


Related Articles