दुर्ग | मीनाक्षी नगर स्थित केसरी नंदन हनुमान मंदिर परिसर में 10 और 11 जनवरी को दो दिवसीय गायत्री यज्ञ का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। आयोजन प्रज्ञा टोली बालोद की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात सायंकाल दीप यज्ञ आयोजित किया गया। रात्रि में प्रज्ञा टोली द्वारा भजन एवं विचार क्रांति गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिसने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक भाव से ओत-प्रोत कर दिया। प्रज्ञा टोली का नेतृत्व प्रांतीय सह संयोजक चम्पेश्वर साहू ने किया।
द्वितीय दिवस प्रातः प्रेरणा गीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद विद्यारंभ संस्कार, पुंसवन संस्कार, अन्नप्राशन संस्कार एवं दीक्षा संस्कार सम्पन्न कराए गए, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं ने भाग लिया। दोपहर में गायत्री यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए चार पालियों में हवन सम्पन्न कराया गया।
कार्यक्रम में दुर्ग सांसद विजय बघेल अपनी धर्मपत्नी के साथ शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों के लिए समर्पण मानस महिला मंडल की महिलाओं को बधाई दी और बड़ी संख्या में उमड़ी भीड़ को युग परिवर्तन का संकेत बताया। इस अवसर पर जिला साहू समाज के अध्यक्ष नंदलाल साहू भी उपस्थित रहे। आयोजन के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम के समापन पर प्रज्ञा टोली के सभी सदस्यों को श्रीफल एवं वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन किरण वर्मा ने किया। पूरे आयोजन में समर्पण मानस महिला मंडल की दुलारी वर्मा, महेश्वरी साहू, अनुसुइया वर्मा, नलिनी सोनी, मंजू मेहता, रजनी वर्मा, कश्मीरी चौरसिया, सुशीला नायक, तुलसी वर्मा, सुधा सोनी, गिरिजा साहू, अमिता नाग सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासियों ने सक्रिय सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया।

