Bhilai Rape Case : भिलाई शहर में शादी का झांसा देकर एक युवक ने युवती से एक साल 5 महीने तक दुष्कर्म किया। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो साफ इनकार करते हुए युवक ने कहा कि वह किसी भी हालत में शादी नहीं करेगा। इसके बाद युवती को धमकाते हुए बोला- जो करना है कर लो मैं तुमसे शादी नहीं करूंगा, जेल भले ही चले जाऊंगा।
यह मामला भिलाई नगर थाने का है। पीड़िता की शिकायत पर भिलाई नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवती की आरोपी की इंस्टाग्राम से हुई थी पहचान
जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने दर्ज शिकायत में बताया कि करीब डेढ़ साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान आकाश चंदेल नाम के युवक से हुई थी। इंस्टाग्राम पर दोनों के बीच पहले मैसेज पर बात होती रही, फिर धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ गई। कुछ समय बाद दोनों मुलाकातें भी होने लगी।
इसी बीच युवक ने युवती को प्रपोज किया और उससे शादी करने का वादा किया। साथ ही यह भी कहा कि दोनों एक ही समाज से हैं, जिससे युवती का उस पर और ज्यादा भरोसा हो गया।
शादी का भरोसा दिलाकर भिलाई में पहली बार बनाया संबंध
पीड़िता के मुताबिक, 30 अप्रैल वर्ष 2004 को युवती कॉलेज गई थी, उसी दिन आकाश युवती से मिलने आया और बोला कि वह उससे प्यार करता है। फिर घर दिखाने के बहाने, आरोपी युवती को भिलाई के सेक्टर-7 में अपने घर ले गया। वहां आरोपी ने युवती से शादी करने और अपनी पत्नी बनाने का भरोसा दिया।
इसके बाद उसी दिन करीब दोपहर 12 बजे आकाश ने अपने घर में युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। उस समय उसके घर में कोई भी नहीं था।
डेढ़ साल तक करता रहा शोषण
पीड़िता का कहना है कि इसके बाद जब भी उसकी युवक से मुलाकात हुई, वह हर बार शादी का भरोसा दिलाता रहा और इसी भरोसे पर उसके साथ संबंध बनाता रहा। यह सिलसिला अप्रैल 2024 से अगस्त 2025 तक चला। युवती का आरोप है कि उसने हर बार शादी के वादे पर सहमति दी थी। उसे कभी अंदेशा ही नहीं हुआ कि युवक में शादी से साफ इनकार कर देगा।
शादी की बात पर टालमटोल, फिर कर दिया इनकार
अगस्त 2025 के बाद जब युवती ने शादी को लेकर दबाव बनाया तो युवक टालमटोल करने लगा। आरोप है कि कुछ समय बाद उसने साफ शब्दों में शादी करने से मना कर दिया और कहा कि वह किसी भी हालत में शादी नहीं करेगा। युवती को धमकी देकर कहा कि जो करना है कर लो, मैं तुमसे शादी नही करूंगा, जेल भले ही चले जाऊंगा।
थाने पहुंची पीड़िता, दर्ज हुआ अपराध
इसके बाद युवती ने भिलाई नगर थाने पहुंचकर युवक के खिलाफ लिखित शिकायत दी। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ धारा 69 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है।

