National Rover-Ranger Jamboree in Balod : राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में जिला मुख्यालय बालोद के पास ग्राम दुधली में प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का आज शुभारंभ हुआ। राज्यपाल ने कहा कि जंबूरी केवल एक शिविर नहीं बल्कि एकता, विविधता, भाईचारा और साझा उद्देश्यों का उत्सव है।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, भारत स्काउट्स गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन, मुख्य राज्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा, राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी, राज्य स्तर के पदाधिकारी बड़ी संख्या में देश के अलग-अलग राज्यों से आए रोवर-रेंजर उपस्थित रहे।
राज्यपाल और अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर आसमान में गुब्बारे छोड़कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। समारोह में राज्यपाल और अतिथियों ने जंबूरी पत्रिका और नए बैज का विमोचन किया। राज्यपाल ने कहा कि स्काउट-गाइड युवाओं को नेतृत्व कौशल, अनुशासन और सफलता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
युवाओं से समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान की अपील
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज के लिए कम से कम एक सकारात्मक कार्य अवश्य करें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। देश में पहली बार आयोजित यह राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का विषय है।
स्काउट-गाइड से मिलते हैं अनुशासन- शिक्षा मंत्री
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि स्काउट-गाइड युवाओं को जीवन मूल्यों, अनुशासन, सामाजिक दायित्वों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि रोवर-रेंजर देश के वे युवा हैं जो समाज, राष्ट्र, विश्व के लिए कुछ अच्छा करने का जज्बा रखते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का स्वागत, अभिनंदन करते हुए इस आयोजन को छत्तीसगढ़ और देश के युवाओं के लिए सौभाग्यपूर्ण अवसर बताया।
प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी ऐतिहासिक- स्काउट-गाइड पदाधिकारी
इस अवसर पर स्वागत उद्बोधन में भारत स्काउट गाइड के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. केके खण्डेलवाल ने ग्राम दुधली में आयोजित इस प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी को ऐतिहासिक, अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। मुख्य राज्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा ने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ के स्वर्णिम अध्याय में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
रोवर-रेंजरों का भव्य मार्चपास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
अलग-अलग राज्यों से उपस्थित रोवर-रेंजरों ने आकर्षक मार्चपास्ट कर राज्यपाल और अतिथियों को सलामी दी। इस प्रथम नेशनल रोवर-रेंजर जंबूरी के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न राज्यों से आए रोवर-रेंजरों ने नैनाभिराम सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति से भारतीय संस्कृति की बहुरंगी छटा बिखेरी।
पांच दिवसीय जंबूरी में 33 राज्यों के प्रतिभागियों की सहभागिता
बता दें कि इस पांच दिवसीय आयोजन में देश के सभी राज्यों के अलावा रेलवे, नवोदय विद्यालय सहित कुल 33 राज्यों के प्रतिभागी रोवर-रेंजर शामिल हो रहे हैं। भारत स्काउट्स गाइड्स के अधिकारी, रोवर-रेंजर, अन्य जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
Read More : रायपुर में ऑनलाइन सट्टे का खुलासा, 50 लाख कैश और 4 आरोपी गिरफ्तार, कार में खिलाते थे सट्टा

