जशपुर। जशपुर पुलिस ने लाखों की चोरी के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह मामला थाना नारायणपुर क्षेत्र के ग्राम केराडीह, रैनीडांड का है, जहां एक ही परिवार के भीतर भरोसे को तोड़ते हुए भतीजी ने अपने बॉयफ्रेंड और साथियों के साथ मिलकर अपने बड़े पिताजी के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने घर से करीब 15 लाख रुपये नगद और सोने की ज्वेलरी सहित कुल 51 लाख रुपये से अधिक का माल चोरी किया। चोरी की रकम से आरोपियों ने एक लग्जरी कार खरीदी, महंगी पार्टियां कीं और ऐशो-आराम की जिंदगी जी। मामले में मुख्य आरोपी मिनल निकुंज ने अपने बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान के उकसावे में आकर पहले घर से धीरे-धीरे पैसे निकालना शुरू किया और बाद में पूरे सूटकेस में रखी नकदी व जेवरात चोरी कर लिए।
घटना की रिपोर्ट 6 दिसंबर 2025 को दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जशपुर पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की और रांची (झारखंड) के एक होटल से मुख्य आरोपी मिनल निकुंज और अनिल प्रधान को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद अन्य आरोपियों को भी अलग-अलग समय पर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लग्जरी कार, 86,300 रुपये नगद, सोने के बिस्किट, मंगलसूत्र, सोने का कड़ा, एक आईफोन और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त किए गए माल की वर्तमान कीमत करीब 51 लाख 82 हजार 300 रुपये आंकी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिन्हें चिन्हित कर लिया गया है और उनकी तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि यह मामला लालच और गलत संगत का नतीजा है। पुलिस ने संगठित प्रयासों से बड़ी चोरी का खुलासा किया है और फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

