दुर्ग में गंदा पानी-पीने से 2 वार्ड में फैला पीलिया, डॉक्टरों की टीम ने घर-घर जाकर की जांच, पानी का लिया सैंपल

दुर्ग में गंदा पानी-पीने से 2 वार्ड में फैला पीलिया, डॉक्टरों की टीम ने घर-घर जाकर की जांच, पानी का लिया सैंपल

दुर्ग जिले की नगर पंचायत उतई के वार्ड क्रमांक 14 और 15 में गंदा पानी पीने से पीलिया फैलने का मामला सामने आया है। पिछले करीब एक महीने से इलाके में पीलिया के मरीज मिल रहे हैं। जिससे पूरे नगर पंचायत में हड़कंप मच गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि, नालियों में भरे गंदे पानी के कारण घरों और सार्वजनिक हैंडपंपों के जलस्रोत दूषित हो गए। जिससे बदबूदार पानी आना शुरू हो गया था। शुरुआत में एक-दो परिवारों को लगा कि उनके घर के पानी की खराबी के कारण बीमारी हुई है, लेकिन धीरे-धीरे पूरे मोहल्ले में एक जैसे लक्षण सामने आने लगे।

परिवार बोरिंग या हैंडपंप के पानी का इस्तेमाल कर रहे थे

सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। करीब 20 मरीजों के घर जाकर स्थिति का जायजा लिया गया। जांच में पाया गया कि अधिकांश परिवार बोरिंग या हैंडपंप के पानी का उपयोग कर रहे थे। वार्ड में एक कॉमन हैंडपंप को एहतियातन बंद कर दिया गया है। सभी संदिग्ध जलस्रोतों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक ही वार्ड में अब तक मिल चुके हैं 12 मरीज

बताया गया कि, वार्ड 15 में एक नल कनेक्शन के सामने एक घर में 12 लोग रहते हैं, जिनमें से तीन लोग पीलिया से पीड़ित पाए गए। आसपास के घरों के पानी के सैंपल भी लिए गए, हालांकि वहां अन्य मरीज नहीं मिले हैं। वहीं वार्ड 14 में पहले 12 मरीज सामने आए थे। स्वास्थ्य विभाग ने एक बोरिंग को प्रभावित मानते हुए उसे तत्काल बंद कर दिया है। विभाग का दावा है कि वार्ड 14 के सभी मरीज अब ठीक हो चुके हैं।

बीएमओ ने डॉक्टरों के साथ घर जाकर ली जानकारी

बीएमओ डॉ. देवेंद्र बेलचंदन ने बताया कि, डॉक्टरों की टीम ने प्रभावित घरों का निरीक्षण किया है। फिलहाल दो नए घरों में हल्के लक्षण दिखाई दिए थे, लेकिन उनकी स्थिति सामान्य है। स्वास्थ्य विभाग ने क्लोरीन टैबलेट और दवाइयों का वितरण किया है।

लोगों को केवल उबला हुआ पानी पीने की सलाह दी गई है। मितानिनों द्वारा घर-घर सर्वे कर निगरानी रखी जा रही है। साफ-सफाई और खान-पान में सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

हैंडपंप बंद कर दिए, टैंकर से भेज रहे पानी

प्रभावित क्षेत्र में एहतियातन सार्वजनिक हैंडपंप और बोरिंग बंद कर दिए गए हैं। नगर पंचायत द्वारा टैंकर से शुद्ध पानी की आपूर्ति की जा रही है। साथ ही नालियों की सफाई और कीटनाशक छिड़काव का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र नायक ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही।

घरों के पानी के सैंपल भी टीम ने लिया

स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने बताया कि, सभी घरों के पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन सावधानी के तौर पर वार्ड 14 और 15 में स्वास्थ्य विभाग और नगर पंचायत की टीम लगातार निगरानी बनाए हुए है।

Read More : बिलासपुर में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 40 से अधिक बेजा कब्जा मकान ढहाए, विरोध के बाद पुलिस पहुंची


Related Articles