ट्रैफिक नियम तोड़ने पर स्कूली छात्रों का कटा चालान, बिना हेलमेट और लाइसेंस के दोपहिया वाहनों से पहुंच रहे थे स्कूल, पुलिस ने 30 स्टूडेंट्स पर लगाया जुर्माना

ट्रैफिक नियम तोड़ने पर स्कूली छात्रों का कटा चालान, बिना हेलमेट और लाइसेंस के दोपहिया वाहनों से पहुंच रहे थे स्कूल, पुलिस ने 30 स्टूडेंट्स पर लगाया जुर्माना

दुर्ग जिले में सड़क सुरक्षा माह के तहत ट्रैफिक पुलिस ने नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस की टीम ने नेहरू नगर स्थित कृष्णा पब्लिक स्कूल (केपीएस) के बाहर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट दुपहिया वाहन से स्कूल आने वाले छात्र-छात्राओं और पालकों पर चालानी कार्रवाई की गई।

स्कूल गेट के बाहर तैनात ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सुबह स्कूल खुलने के समय वाहनों की जांच की। जांच के दौरान कई छात्र-छात्राएं बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते हुए पाए गए। वहीं कुछ पालक भी बिना हेलमेट छोटे बच्चों को दुपहिया वाहन से स्कूल छोड़ने पहुंचे थे। ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे सभी वाहन चालकों को रोककर न सिर्फ समझाइश दी, बल्कि लाइसेंस की भी जांच की। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 30 वाहन चालकों के खिलाफ चालान किया गया।

नियमों का पालन नहीं कर रहे थे स्कूली छात्र

ट्रैफिक टीआई पीडी चंद्रा ने बताया कि दुर्ग जिले में जनवरी माह को सड़क सुरक्षा माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में केपीएस स्कूल में ट्रैफिक पुलिस ने छात्र-छात्राओं को ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी है, साथ ही नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर उनका चालान भी काटा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत जो वाहन चालक हेलमेट और सीट बेल्ट का पालन कर रहे हैं, उन्हें ट्रैफिक पुलिस द्वारा गुलाब का फूल भेंट कर प्रोत्साहित किया जा रहा है।

छात्रों के लाइसेंस भी किए गए चेक

टीआई चंद्रा ने कहा कि केपीएस नेहरू नगर के बाहर बिना हेलमेट दुपहिया वाहन लेकर पहुंचे स्कूली बच्चों के लाइसेंस भी चेक किए गए हैं। इस तरह का अभियान आगे शहर के अन्य स्कूलों के बाहर भी चलाया जाएगा। उन्होंने स्कूल प्रबंधन और पालकों से अपील की कि वे नाबालिग छात्र-छात्राओं को दुपहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें। साथ ही लाइसेंसधारी छात्रों को भी हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाने की इजाजत दी जाए, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Read More : बिलासपुर के मोपका सब स्टेशन में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका, आधे शहर में ब्लैकआउट


Related Articles