रायपुर में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मिली लाश, एक्सीडेंट से मौत की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

रायपुर में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मिली लाश, एक्सीडेंट से मौत की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

रायपुर के विधानसभा इलाके में मंगलवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली है। युवक झारखंड का रहने वाला था, वह मजदूरी करने के लिए रायपुर आया था। युवक के पैर में गंभीर चोट के निशान हैं। जिससे पुलिस आशंका जता रही है कि युवक की मौत एक्सीडेंट से हुई है। हालांकि इस बात की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद हो पाएगी।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान शुभम राणा (25) निवासी देवघर झारखंड के रूप में हुई है। निर्माणाधीन मकान में कारपेंटरी का काम करता था। वहीं बाकी मजदूरों के साथ रह रहा था।

जानकारी के अनुसार, शुभम बीती रात करीब 11 बजे से अपने कमरे से निकला था। अगले दिन जब अन्य मजदूरों ने उसकी आसपास तलाश की। तभी पास के ही निर्माणाधीन मकान के पास शुभम की लाश पड़ी मिली, जिसे देखकर साथी घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

CCTV फुटेज से जांच में जुटी पुलिस

घटना की खबर मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में मामला एक्सीडेंट का लग रहा है। शव पर चोट के निशान होने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।

दोस्तों से भी पूछताछ

इधर, घटना की सूचना मिलते ही झारखंड से परिजन रायपुर पहुंचे। परिजनों का कहना है कि शुभम का किसी से कोई विवाद नहीं था और इस तरह उसकी मौत स्वाभाविक नहीं लगती। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।

विधानसभा थाना पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और शुभम के साथ काम करने वाले साथियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Read More : कवासी लखमा से मिलने सेंट्रल जेल पहुंचे पूर्व सीएम भूपेश बघेल, कहा- बिना ठोस सबूत के परेशान कर रही है जांच एजेंसियां


Related Articles