Mahasamund Accident News महासमुंद। जिले में सोमवार को एक सड़क हादसे में पर्यटन मंत्री के काफिले के साथ चल रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान का हाथ टूट गया, जबकि जिला पुलिस बल का एक हेड कांस्टेबल घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 जनवरी को जिले की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी सिरपुर में प्रस्तावित केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत तथा उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के दौरे की तैयारियों को लेकर प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल सोमवार को सिरपुर पहुंचे थे। मंत्री ने वहां विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और दोपहर बाद वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान नेशनल हाईवे-53 पर पिरदा के पास करीब दोपहर 2:37 बजे मंत्री के काफिले को फॉलो कर रही स्कॉर्पियो (क्रमांक CG 04 NZ 8178) तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई। वाहन में जिला पुलिस बल के हेड कांस्टेबल त्रिलोचन भोई (45), CAF 15वीं बटालियन के जवान प्रदीप कुमार (26) और चालक सवार थे।
हादसे में CAF जवान प्रदीप कुमार का हाथ गंभीर रूप से टूट गया, जबकि हेड कांस्टेबल त्रिलोचन भोई को हल्की चोटें आईं। सूचना मिलते ही तुमगांव थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल तुमगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद CAF जवान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण वाहन की अत्यधिक गति माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
Read More : रायगढ़ कोल खदान बवाल पर बड़ा फैसला, JPL ने वापस लिया जनसुनवाई का आवेदन

