CG Govt Employee Protest : आगर क्लब मैदान में कर्मचारियों का शक्ति प्रदर्शन, इन मांगों को लेकर खोला मोर्चा, 124 संगठनों ने दिखाया दम

CG Govt Employee Protest : आगर क्लब मैदान में कर्मचारियों का शक्ति प्रदर्शन, इन मांगों को लेकर खोला मोर्चा, 124 संगठनों ने दिखाया दम

मुंगेली, त्रिलोक राज़ कोशले। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन द्वारा घोषित अनिश्चितकालीन आंदोलन का प्रथम दिवस आज आगर क्लब मैदान में संपन्न हुआ। आंदोलन में प्रदेशभर के 124 कर्मचारी संगठनों ने भाग लेकर अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार के समक्ष एकजुटता का प्रदर्शन किया। सभी मांगें केंद्र सरकार की “मोदी की गारंटी” के तहत पूर्ण किए जाने की मांग को लेकर आंदोलन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला संयोजक जे. एस. ध्रुव ने 11 सूत्रीय मांगों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि ये मांगें प्रदेश के समस्त विभागों में कार्यरत कर्मचारियों के हित में हैं और सरकार को इन्हें शीघ्र पूरा करना चाहिए। वहीं जिला उपसंयोजक बिंदु भास्कर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह आंदोलन अनिश्चितकालीन है, लेकिन यदि सरकार ने मांगों पर गंभीरता नहीं दिखाई तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए भी पूरी तरह तैयार हैं।

सहसंयोजक रामकृष्ण वैष्णव ने विश्वास जताया कि सरकार कर्मचारियों की मांगों को स्वीकार कर सकारात्मक निर्णय लेगी। प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार नवरंग ने अपने संबोधन में कहा कि फेडरेशन की 11 सूत्रीय मांगें सभी विभागों के कर्मचारियों के हित को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं और इन्हें “मोदी की गारंटी” के तहत तत्काल पूरा किया जाना चाहिए।

संरक्षक सईद खान ने अपने उद्बोधन में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह और दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में एक बार के आंदोलन से ही कर्मचारियों की मांगें पूरी हो जाती थीं, लेकिन वर्तमान समय में कर्मचारियों को अपने मौलिक अधिकारों के लिए भी आंदोलन का सहारा लेना पड़ रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

आंदोलन में विभिन्न संगठनों के जिला अध्यक्षों, तहसील अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। प्रमुख रूप से सहसंयोजक नारायण भास्कर, फेडरेशन कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार वर्मा, नगरीय निकाय प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश तिवारी, कर्मचारी कांग्रेस जिला अध्यक्ष अश्मनी बंजारे, सचिव संघ जिला अध्यक्ष योगेश साहू, संयुक्त प्रधान पाठक संघ जिला अध्यक्ष दिनेश निर्मलकर, जिला प्रवक्ता फूलचंद यादव, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुशीला घृतलहरे एवं सरिता गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके अलावा तहसील फेडरेशन अध्यक्ष डी. एल. भास्कर, रामसिंह राजपूत, जे. पी. साहू, पी. एल. दिवाकर, अरविंद शर्मा, प्रभात तिवारी सहित सैकड़ों कर्मचारियों ने आंदोलन में सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन फेडरेशन के जिला प्रवक्ता अत्रि प्रताप सिंह ने किया।

Read More : कोरबा में TI जांच से पहले ही बहाल, जुआरियों को नहीं पकड़ने पर हुए थे सस्पेंड, SP की स्पेशल टीम की छापेमारी में पकड़ाए थे


Related Articles