Raipur News : पिछले 13 साल से राजकुमार कॉलेज का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था। जिसे निगम की टीम ने कार्रवाई कर वसूला है। राजकुमार कॉलेज से वर्ष 2012-13 से 2025-26 तक का लंबित संपत्ति कर वसूल कर लिया है। निगम को कुल 1 करोड़ 64 लाख 77 हजार 568 रुपए का भुगतान मिला है।
यह वसूली नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के आदेश पर की गई। जोन-5 कमिश्नर खीरसागर नायक के नेतृत्व में सहायक राजस्व अधिकारी प्रमोद जाधव और राजस्व विभाग की टीम ने लगातार प्रयास कर बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई की।
निगम के अनुसार, राजकुमार कॉलेज लंबे समय से संपत्ति कर का बड़ा बकायादार था। लगातार नोटिस, फॉलोअप और समन्वय के बाद आखिरकार पूरा बकाया जमा कराया गया। इस अभियान में राजस्व निरीक्षक राजेश मुले, मनीष भोई, सहायक राजस्व निरीक्षक विपिन सोनी, रत्नदीप करवाड़े और जीआईएस प्रभारी सूर्या यादव की अहम भूमिका रही।
100% राजस्व वसूली का है लक्ष्य
नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने कहा कि, प्रॉपर्टी टैक्स वसूली में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी 10 जोनों को आदेश दिए हैं कि, बड़े बकायेदारों को तुरंत डिमांड बिल सहित नोटिस जारी किए जाएं और राजस्व वसूली में तेजी लाई जाए।
जिसके बाद गौरव गार्डन, मधुबन, ओमाया और अमायरा में सर्वे कर प्रॉपर्टी टैक्स की जांच की गई। इसके बाद आज गौरव गार्डन और मधुबन को नोटिस जारी कर दिया गया है। अंबुजा मॉल और डिकैथलॉन, श्रीराम बिजनेस पार्क और सफायर ग्रीन को भी जल्द ही नोटिस देने की तैयारी चल रही है।
नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और उपायुक्त राजस्व जागृति साहू ने जोन-5 की पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि, इसी तरह की सख्ती और निरंतर प्रयासों से निगम की आय में बढ़ोतरी संभव है। निगम प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगे भी बड़े बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
Read More : नशा करते 2 नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, कार में बैठकर सिंथेटिक हेरोइन का कर रहे थे सेवन

