Illegal Paddy Seized in Raigarh : रायगढ़ जिले में अवैध धान परिवहन का मामला सामने आया है। लैलूंगा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार रात गश्त के दौरान 25 क्विंटल धान से लदे एक पिकअप को जब्त किया है। जांच के दौरान वाहन ड्राइवर और सह-यात्री के पास धान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। जिसके बाद पुलिस ने धान और वाहन दोनों को जब्त कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात लैलूंगा पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली कि कुपापानी की ओर से अवैध रूप से धान का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और कुपापानी से पाकरगांव के बीच नाकेबंदी कर जांच शुरू की।
25 क्विंटल धान लदा पिकअप पकड़ा गया
जांच के दौरान एक पिकअप को रोका गया, जिसमें कुल 25 क्विंटल धान लदा हुआ पाया गया। वाहन में सवार लोगों की पहचान तरुण सिदार (21) निवासी ग्राम सुस्डेगा मुड़ापारा जिला जशपुर और हेमंत सिदार (29) निवासी ग्राम केरजू जिला सरगुजा के रूप में हुई।
दस्तावेज नहीं दिखा सके
पुलिस की तरफ से धान से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर दोनों आरोपी टालमटोल करते रहे और कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने धान से लदे पिकअप को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कर दिया।
मंडी सचिव को दी गई सूचना
पुलिस ने मामले की जानकारी लैलूंगा मंडी सचिव को दे दी है। बताया जा रहा है कि अन्य जिलों की सीमा से सटे होने के कारण लैलूंगा क्षेत्र में पहले भी अवैध धान परिवहन के मामले सामने आ चुके हैं। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

