“मेरी नजर से अरुणाचल प्रदेश” का भव्य विमोचन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह रहे मौजूद

“मेरी नजर से अरुणाचल प्रदेश” का भव्य विमोचन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह रहे मौजूद

रायपुर। छत्तीसगढ़ में BSTV के स्टेट एडिटर डॉ. अवधेश मिश्रा द्वारा लिखित पुस्तक “मेरी नजर से अरुणाचल प्रदेश” का भव्य विमोचन समारोह राजधानी रायपुर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संयुक्त रूप से पुस्तक का लोकार्पण किया। समारोह में साहित्य, पत्रकारिता और राजनीति जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम गरिमामय बन गया।

पुस्तक “मेरी नजर से अरुणाचल प्रदेश” छत्तीसगढ़ विधानसभा की पहल पर पत्रकारों के लिए आयोजित सात दिवसीय अध्ययन यात्रा पर आधारित है। यह पुस्तक अरुणाचल प्रदेश की यात्रा का एक सचित्र, तथ्यपरक और अनुभवजन्य विवरण प्रस्तुत करती है, जिसमें राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विविधता, सामाजिक जीवन और ऐतिहासिक पहलुओं को विस्तार से उकेरा गया है। पुस्तक न केवल एक यात्रा-वृत्तांत है, बल्कि उत्तर-पूर्व भारत को समझने का एक सशक्त माध्यम भी है।

पुस्तक विमोचन समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि विधानसभा की ओर से कराई गई सात दिवसीय अध्ययन यात्रा पर किसी पत्रकार द्वारा पुस्तक लिखे जाने का यह पहला अवसर है। उन्होंने इसे एक सराहनीय और प्रेरणादायी प्रयास बताते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनाएं अध्ययन यात्राओं की सार्थकता को और अधिक बढ़ाती हैं तथा भावी पीढ़ियों के लिए दस्तावेज का काम करती हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी डॉ. अवधेश मिश्रा की लेखन पहल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास न केवल व्यक्तिगत अनुभवों को शब्दों में सहेजते हैं, बल्कि समाज के अन्य वर्गों के लिए भी जानकारी और प्रेरणा का स्रोत बनते हैं। मुख्यमंत्री ने पुस्तक को उत्तर-पूर्व भारत के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

इस अवसर पर IMP24 के संपादक शुभम वर्मा भी समारोह में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने पुस्तक की विषयवस्तु की सराहना करते हुए लेखक को शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की। यह पुस्तक पाठकों को अरुणाचल प्रदेश को नए दृष्टिकोण से देखने और समझने में मदद करेगी।

Read More : छत्तीसगढ़ BJP महिला मोर्चा के 29 जिलाध्यक्षों की घोषणा, कृतिका जैन बनीं रायपुर शहर की जिलाध्यक्ष, देखिए किसे कहां मिली नई जिम्मेदारी


Related Articles