रायगढ़ में शिकार करने गए 2 ग्रामीणों की मिली लाश, करंट की चपेट में आए, साथियों ने बचने के लिए शव-छिपाया, हिरासत में 4 आरोपी

रायगढ़ में शिकार करने गए 2 ग्रामीणों की मिली लाश, करंट की चपेट में आए, साथियों ने बचने के लिए शव-छिपाया, हिरासत में 4 आरोपी

रायगढ़ जिले के संबलपुरी के करीब राजस्व जंगल में 2 ग्रामीणों की लाश मिली है। इनकी पहचान एक पुनीलाल यादव उर्फ मंत्री यादव (51 साल) और संदीप उरांव (24 साल) के रूप में हुई है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।

बताया जा रहा है 9 दिसंबर की सुबह 4 बजे सात लोग शिकार के लिए निकले थे। लेकिन शाम तक पुनीलाल और संदीप घर नहीं लौटे थे। 2 दिन खोजबीन के बाद 12 दिसंबर की शाम परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। अगले दिन जानकारी मिली की दोनों की लाश मिली है।

गांव के कोटवार ने आरोप लगाया है कि जानवरों के लिए लगाए करंट में आने से दोनों की मौत हुई लेकिन साथियों ने बचने के लिए लाश छिपाई थी। पुलिस ने 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। 1 अन्य की तलाश जारी है।

साथियों पर लाश छुपाने का आरोप

ग्राम रेगड़ा के कोटवार शौकीलाल सारथी ने आरोप लगाया है कि शिकार के लिए 7 लोग गए थे, सभी लौट गए लेकिन किसी ने अन्य ग्रामीणों की जानकारी नहीं दी। करंट लगने से मौत की बात सामने आई है। लेकिन साथियों ने बचने के लिए लाश छिपाया है। पुलिस ने 4 युवकों ग्रामीणों को हिरासत में लिया है। 1 की तलाश जारी है।

हाथ में मिला जले का निशान

13 दिसंबर की सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद वन अमला और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दोनों का शव झाड़ियों के बीच पड़ा था। दोनों मृतक ग्राम छोटे रेगड़ा के रहने वाले हैं। एक के हाथ में जलने के निशान भी हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पत्नी बोली- पति की किसी से दुश्मनी नहीं थी

मृतक पुनीलाल की पत्नी गंगा यादव ने कहा कि 9 दिसंबर की शाम से पति की तलाश कर रहे थे। पति की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। 4 दिन से ढूंढ रहे थे। अनहोनी की आशंका थी।

4 संदिग्ध हिरासत में, 1 की तलाश जारी

चक्रधर नगर थाना प्रभारी जी एल साहू ने कहा कि परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि दोनों ग्रामीण घर से बिना बताए कही चले गए है। जिसके बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही थी। आज जानकारी मिली कि संबलपुरी नाला के पास दोनों की लाश मिली है।

चक्रधर नगर पुलिस ने मामले में छोटे रेगड़ा निवासी राजू उरांव, विकास, जय किशन, रमेश (45 साल) को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं आकाश की तलाश जारी है।

Read More : लियोनेल मेसी के प्रोग्राम में हंगामे के बाद एक्शन में कोलकाता पुलिस, आयोजक को हिरासत में लिया


Related Articles