Bijapur Naxalite Encounter: बीजापुर जिले में मंगलवार को नेशनल पार्क के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। डीआरजी, एसटीएफ और दंतेवाड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। करीब सात घंटे चली गोलीबारी में 27 लाख रुपये के इनामी 6 नक्सलियों को मार गिराया गया। मारे गए नक्सलियों में मोस्ट वांटेड DVCM कन्ना ऊर्फ बुचन्ना और उसकी सहयोगी उर्मिला शामिल है।
जानकारी के मुताबिक, माओवादियों के टॉप लीडर DKSZCM पापाराव, DVCM कन्ना, उर्मिला और पश्चिम बस्तर डिवीजन के करीब 50-60 नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने कांदुलनार-कचलारम और गुज्जाकोंटा के जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। मुठभेड़ सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम तक चलती रही।
मारे गए नक्सलियों की पहचान और इनाम राशि
बीजापुर एसपी डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से छह नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं। उनके पास से इंसास राइफल, 9एमएम कार्बाइन, .303 राइफल, विस्फोटक सामग्री और माओवादी साहित्य मिला है।
मारे गए नक्सलियों की पहचान
DVCM कन्ना ऊर्फ बुचन्ना: मद्देड़ एरिया कमेटी प्रभारी, 8 लाख का इनामी।
DVCM उर्मिला: पापाराव की पत्नी, सचिव पामेड़ एरिया कमेटी, 8 लाख का इनाम।
ACM जगत तामो ऊर्फ मोटू: मद्देड़ एरिया कमेटी सदस्य, 5 लाख का इनाम।
PM देवे: पामेड़ एरिया कमेटी सदस्य, 2 लाख का इनाम।
PM भगत: मद्देड़ एरिया कमेटी सदस्य, 2 लाख का इनाम।
PM मंगली ओयाम: गंगालूर क्षेत्र की सदस्य, 2 लाख का इनाम।
लगातार अभियान से कमजोर हुआ माओवादी नेटवर्क
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक बीजापुर जिले में हुई विभिन्न मुठभेड़ों में कुल 144 नक्सली मारे जा चुके हैं। इसके अलावा 499 नक्सली गिरफ्तार और 560 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं।
जनवरी 2024 से अब तक चले माओवादी विरोधी अभियानों में कुल 202 नक्सली मारे गए हैं, 1002 गिरफ्तार और 749 ने समाज की मुख्यधारा में वापसी की है।
इस बड़ी सफलता से माओवादी संगठन के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा के जंगलों में अब पुलिस की सर्चिंग और तेज की जाएगी ताकि बचे हुए नक्सलियों का सफाया किया जा सके।
Read More : धर्मेंद्र के घर के बाहर लगा पैपराजी का तांता, भड़के सनी देओल, बोले- शर्म नहीं आती?
