CG Illigal Dhan Kharidi Transportation 2025: छत्तीसगढ़ में इस साल की धान खरीदी प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही अवैध धान परिवहन की कोशिशें तेज हो गई हैं। लेकिन प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। मंगलवार को तहसीलदार और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने सरिया क्षेत्र में छापेमारी करते हुए दो ट्रैक्टरों से अवैध रूप से परिवहन हो रहे धान को जब्त किया।
अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए दोनों ट्रैक्टर चालकों ने धान परिवहन के लिए आवश्यक दस्तावेज और अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किए। इसके बाद तहसीलदार कोमल साहू की मौजूदगी में दोनों ट्रैक्टरों को सरिया थाना के सुपुर्द किया गया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी
मंडी विभाग और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खरीदी पंजीयन या अनुमति के बिना धान का परिवहन या खरीदी पूरी तरह प्रतिबंधित है। अधिकारी अब लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रहे हैं ताकि कोई भी व्यक्ति अवैध तरीके से धान का लेन-देन न कर सके।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह की किसी भी अनियमितता या अवैध गतिविधि में शामिल पाए जाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मंडी विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल पंजीकृत खरीदी केंद्रों में ही धान बेचें ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
धान खरीदी सीजन से पहले बढ़ी निगरानी
धान खरीदी शुरू होने से पहले जिला प्रशासन ने सभी तहसील स्तर पर विशेष निगरानी दल गठित किए हैं। इन टीमों को सीमावर्ती इलाकों, मंडी क्षेत्रों और प्रमुख सड़कों पर गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, अवैध परिवहन रोकने के लिए सीसीटीवी और चौकियों की निगरानी भी बढ़ाई जा रही है। सरकार का कहना है कि धान खरीदी पारदर्शी और सुचारू रूप से हो, इसके लिए सभी जिलों में कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
Read More : 14 नवंबर को साय कैबिनेट की बैठक, धान खरीदी, गौरव दिवस और शीतकालीन सत्र पर अहम चर्चा की संभावना
