गरबा से मुस्लिम युवकों के दूरी बनाने को लेकर वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सलीम राज की सलाह पर सियासत गर्म है। इस बयान के बाद कांग्रेस-भाजपा के बीच सियासी तकरार देखने को मिली है। कांग्रेस ने वक्फ बोर्ड पर BJP का टूलकिट बनने का आरोप लगाया है। वहीं भाजपा ने कांग्रेस पर परिवारवाद से जकड़ा होने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस का आरोप: वक्फ बोर्ड बना भाजपा का टूलकिट
कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने डॉ. सलीम राज के बयान को ‘सस्ती लोकप्रियता’ पाने का तरीका बताया। उन्होंने कहा- वक्फ बोर्ड भाजपा का टूलकिट बन चुका है। गरबा हिंदुओं की आस्था का पर्व है और इस पर राजनीति करना गलत है। मैंने तो कभी हिंदुओं को मस्जिद में नमाज पढ़ते या मुसलमानों को गरबा में शामिल होते नहीं देखा।
भाजपा का पलटवार
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस के आरोपों का करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा- डॉ. सलीम राज एक बड़े नेता हैं, वे हल्के बयान नहीं देते। भारत में सभी समाज के लोग एक-दूसरे की आस्था का सम्मान करते हैं। गरबा में सभी को अपने परिवार के साथ आना चाहिए। लोगों को आयोजना में इस भावना से आना चाहिए कि वे माता के दरबार में आए हैं।
कांग्रेस ‘परिवारवाद’ में जकड़ी
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष की कोई अहमियत नहीं है। जिला अध्यक्ष तक का फैसला राहुल गांधी करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी पूरी तरह से ‘परिवारवाद’ में जकड़ी है, जबकि भाजपा सभी का सम्मान करती है।
Read More : 1106 शिक्षकों को मिला प्रमोशन का तोहफा, कल से शुरू होगी व्याख्याता पद के लिए ओपन काउंसिलिंग
क्या था वक्फ बोर्ड अध्यक्ष का पत्र?
छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने एक पत्र जारी किया था। इस पत्र में उन्होंने मुस्लिम युवाओं से कहा था कि नवरात्रि हिंदुओं का पवित्र पर्व है, जिसमें गरबा और अन्य धार्मिक कार्यक्रम होते हैं। गरबा महज एक डांस नहीं वरन देवी दुर्गा की भक्ति का प्रतीक है। मुस्लिम मूर्ति पूजा में विश्वास नहीं रखते, इसलिए उन्हें ऐसे धार्मिक आयोजनों से दूर रहना चाहिए।
बिगड़ सकता है माहौल
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि अगर कोई मुस्लिम व्यक्ति सही भावना और परंपरा का सम्मान करते हुए समिति से अनुमति लेकर शामिल होना चाहता है तो किसी को आपत्ति नहीं होगी। गलत इरादे से गरबा स्थलों में प्रवेश करना और उपद्रव करना हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकता है। इससे सामाजिक सद्भाव बिगड़ सकता है।