Gulveer Singh Wins First Gold Medal For India: गुलवीर सिंह ने एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में पुरुषों की 10000 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। वह इस प्रतिष्ठित स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने वाले तीसरे भारतीय बन गए हैं। उनसे पहले हरिश्चंद्र (1975) और जी लक्ष्मणन (2017) ने यह उपलब्धि हासिल की थी। खास बात यह रही कि गुलवीर का यह स्वर्ण 2025 की चैंपियनशिप में भारत का पहला गोल्ड मेडल भी है। राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी गुलवीर ने पूरे रेस के दौरान बढ़त बनाए रखी। अंतिम क्षणों में दमदार स्पीड दिखाते हुए गोल्ड अपने नाम किया।
गुलवीर ने फिर रचा इतिहास
गुलवीर सिंह ने 2023 में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। अब 2025 में 10000 मीटर में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने खुद को एशिया के सर्वश्रेष्ठ धावकों में शामिल कर लिया है। सिरसा, हरियाणा के रहने वाले गुलवीर ने 28:38.63 मिनट में रेस पूरी की और भारत को प्रतियोगिता का पहला गोल्ड दिलाया।
इस रेस में भारत के ही सावन बारवाल भी शामिल थे, लेकिन वह कांस्य पदक से मामूली अंतर से चूकते हुए चौथे स्थान पर रहे। हाल ही में गुलवीर ने डायमंड लीग जैसी बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी भाग लिया था, जिससे उनके आत्मविश्वास में इजाफा हुआ।
गुलवीर ने आखिरी लैप में दिखाया दम
Just look at the acceleration in the last lap 🤯
— The Khel India (@TheKhelIndia) May 27, 2025
– Very Well Done , Gulveer Singh 🇮🇳🥇pic.twitter.com/un6ym4m4MX https://t.co/8BcJr4g4qm
गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10000 मीटर दौड़ के अंतिम लैप में जबरदस्त स्पीड लगाकर बहरीन के अल्बर्ट किबिची रोप को पीछे छोड़ते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। 26 वर्षीय गुलवीर पहले भी कई बड़ी प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं।
उन्होंने 2022 के एशियाई खेलों में 10000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया था और 2023 में बैंकॉक में आयोजित एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 5000 मीटर और 10000 मीटर दोनों में कांस्य पदक जीतकर अपने काबिलियत का परिचय दिया। उनकी यह लगातार सफलता भारत के लिए गर्व का विषय बनी हुई है।
गुलवीर की मेहनत ने बनाई नई मिसाल
गुलवीर सिंह ने भारत की राष्ट्रीय फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर देश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। 2025 में उन्होंने बोस्टन यूनिवर्सिटी टेरियर डीएमआर चैलेंज में 5000 मीटर में 12:59.77 का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय दर्ज किया, जिसमें वे ओलंपिक चैंपियन कोल होकर और उनके प्रशिक्षण साथी कूपर टेरे से मात्र थोड़ी दूरी पर रहे। उनकी लगातार सफलता से पूरा देश गौरवान्वित है।