Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए 9 अत्याधुनिक ‘108 संजीवनी एक्सप्रेस’ एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिला चिकित्सालय सूरजपुर से शुरू की गई यह सेवा अब दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक त्वरित आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगी। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भावुक होते हुए कहा कि सूरजपुर की बेटी होने के नाते यह उनके लिए गर्व का क्षण है कि वे अपने जिलेवासियों को यह जीवनरक्षक सुविधा समर्पित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ये एम्बुलेंस केवल वाहन नहीं, बल्कि जरूरत के समय जीवन बचाने वाली अहम कड़ी हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार का लक्ष्य है कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाली माताओं, बहनों और बच्चों को आपातकालीन स्थिति में ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर उपचार मिल सके। इसके लिए एम्बुलेंस सेवाओं के संचालन, गुणवत्ता और रिस्पॉन्स टाइम में लगातार सुधार किया जाएगा।
जिले में उपलब्ध कराई गई 9 एम्बुलेंसों में से 2 को जिला चिकित्सालय सूरजपुर में स्थायी रूप से तैनात किया गया है, जबकि बाकी एम्बुलेंसों को विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रणनीतिक रूप से तैनात किया गया है, ताकि ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में भी त्वरित चिकित्सा सहायता सुनिश्चित हो सके।

