CG Crime News : दुर्ग जिले में पुलिस ने म्यूल अकाउंट वाले एक गैंग का पर्दाफाश किया है। 20 हजार रुपए में गिरोह के सदस्य एक खाता खरीदते, फिर उस खाते का इस्तेमाल ऑनलाइन सट्टा और साइबर फ्रॉड में किया जा रहा था। पुलिस ने ऐसे 78 एटीएम कार्ड और 21 चेकबुक बरामद किया है।
इन खातों को महाराष्ट्र के मुंबई में सप्लाई किया जा रहा था। लेकिन पुलिस ने उसे धर दबोचा। पुलिस के मुताबिक कार्निवल और क्रेक्स ऐप में इन खातों का इस्तेमाल होना था। मुख्य आरोपी समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से बड़ी मात्रा में बैंकिंग दस्तावेज और सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। मामला पद्मनाभपुर थाना इलाके का है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
पुलिस के अनुसार, पद्मनाभपुर थाने में 30 दिसंबर 2025 को एक खाताधारक ने शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें बताया कि, उसकी मोबाइल दुकान में अमित मिश्रा मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता था। इसी दौरान अमित मिश्रा के परिचय से लोकेश जाधव उर्फ लक्की दुकान पर आने-जाने लगा।
कुछ महीने पहले लोकेश ने उसे यह कहकर झांसे में लिया कि उसके भाई टवन कुमार का बाहर से पैसा आने वाला है, लेकिन उसके पास बैंक खाता नहीं है। बदले में 20 हजार रुपए का लालच देकर उसने बैंक खाता इस्तेमाल करने की अनुमति ले ली।
खाता फ्रीज, तब ठगी का हुआ एहसास
उसने एक्सिस बैंक महाराजा चौक शाखा और आईडीबीआई बैंक कुम्हारी शाखा का खाता लोकेश को दे दिया। कुछ दिन बाद आईडीबीआई बैंक का खाता फ्रीज होने पर उसे ठगी का एहसास हुआ। जिसके बाद उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की।
एफआईआर की जानकारी मिलते ही मुख्य आरोपी लोकेश जाधव महाराष्ट्र के कल्याण भागने की फिराक में था। पुलिस ने उसे दुर्ग बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से 33 एटीएम और क्रेडिट कार्ड, 15 चेकबुक, 9 पासबुक और 12 सिम कार्ड बरामद हुआ।
बड़े भाई के साथ मिलकर म्यूल अकाउंट करता था सप्लाई
पूछताछ में आरोपी लोकेश ने खुलासा किया कि वो अपने बड़े भाई टवन कुमार जाधव के साथ मिलकर म्यूल अकाउंट सप्लाई का काम करता है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने प्रगति मैदान बोरसी स्थित टवन जाधव के घर दबिश दी। घर की तलाशी में 28 एटीएम, क्रेडिट कार्ड, 8 चेकबुक, 8 पासबुक और 4 सिम कार्ड बरामद हुए।
पूछताछ में सामने आया कि इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं। इसके बाद पुलिस ने विनय सिंह सेंगर, राजू गायकवाड और अमित मिश्रा को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी अलग-अलग लोगों के बैंक खाते, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड जुटाकर साइबर ठगों को सप्लाई करते थे।
78 एटीएम कार्ड और 18 पासबुक जब्त
पुलिस ने आरोपियों से कुल 78 एटीएम, क्रेडिट कार्ड, 21 चेकबुक, 18 पासबुक और 16 कई कंपनियों के सिम कार्ड जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना पद्मनाभपुर में अपराध दर्ज कर सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
दुर्ग सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि, इस मामले में अभी जांच जारी है। आरोपियों से पूछताछ में कुछ नाम सामने आए हैं, जिन्हें ट्रेस किया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। अन्य लोगों की संलिप्ता भी खंगाली जा रही है।
Read More : नए साल के सेलिब्रेशन से पहले IAS की वेतनवृद्धि, 5 अफसरों को कनिष्ठ प्रशासनिक वेतनमान, GAD ने जारी किया आदेश

