Raigarh Ganja Seizure News रायगढ़। जिले में गांजा तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत लैलूंगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा से गांजा लाकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे तीन तस्करों को गिरफ्तार किया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सिहारधार मेन रोड के पास कुछ लोग अवैध गांजा बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को बैग और थैले के साथ पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम दिलेश्वर यादव (19), पिंटू यादव (18) और गोमदो यादव (54), निवासी ग्राम सिहारधार बताया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 9.170 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख 35 हजार रुपए आंकी गई। इसके अलावा उनके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए, जिनकी कीमत लगभग 10 हजार रुपए बताई गई है।
आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने गांजा ओडिशा से लाकर यहां बेचने की तैयारी की थी। पुलिस ने उनके खिलाफ धारा 20(बी) और 29 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
Read More : रायपुर के ‘फर्जी कैफे’ में पुलिस की रेड, लेटनाइट चल रही थी पार्टी, कैमरा लेकर पहुंचे अफसर

