रायगढ़ जिले में ओडिशा का धान अवैध रूप से खपाने की कोशिश नाकाम कर दी गई। संयुक्त जांच दल ने कार्रवाई करते हुए 120 बोरी धान जब्त किया है। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र की है।
लैलूंगा में पदस्थ खाद्य निरीक्षक खुशीराम नायक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि देर रात पाकरगांव से लैलूंगा मार्ग पर संयुक्त जांच टीम औचक निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान दो पिकअप वाहनों को रोककर जांच की गई।
जांच में सामने आया कि, ग्राम जमुना निवासी पिकअप ड्राइवर सुनील कुमार यादव और ग्राम डोंगादरहा निवासी निरंजन यादव बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चला रहे थे। जब उनसे धान परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
दोनों पिकअप वाहनों में 60-60 बोरी
दोनों पिकअप वाहनों में 60-60 बोरी, कुल 120 बोरी धान लोड था, जिसका परिवहन बिना किसी वैध अनुमति के किया जा रहा था। मौके पर ग्राम रूडुकेला निवासी शेखर जायसवाल और कृष्ण जायसवाल भी मौजूद मिले। पूछताछ में पता चला कि अवैध धान परिवहन की पूरी योजना इन्हीं दोनों के द्वारा संचालित की जा रही थी।
संयुक्त जांच दल की जांच में यह भी सामने आया कि करीब 1 लाख 86 हजार रुपये मूल्य के धान को अवैध रूप से खपाने की कोशिश की जा रही थी।
पहले भी पकड़े जा चुके हैं वाहन
बताया जा रहा है कि, इससे पहले भी इन्हीं पिकअप वाहनों को अवैध धान परिवहन करते हुए पकड़ा जा चुका है। इस आधार पर पुलिस ने पिकअप चालक सुनील कुमार यादव, निरंजन यादव, शेखर जायसवाल और कृष्ण जायसवाल के खिलाफ धारा 3(5)-BNS, 318(4)-BNS और 62-BNS के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

