भैयाथान जनपद पंचायत में 12 समितियां गठन, नेहा सिंह का नाम सूची में नहीं, फिर भी खुद को सभापति और सदस्य बताकर बैठकों और प्रशिक्षण में सक्रिय होने पर सवाल उठे

भैयाथान जनपद पंचायत में 12 समितियां गठन, नेहा सिंह का नाम सूची में नहीं, फिर भी खुद को सभापति और सदस्य बताकर बैठकों और प्रशिक्षण में सक्रिय होने पर सवाल उठे

Bhaiyathan Janpad Panchayat News सूरजपुर। जनपद पंचायत भैयाथान में सामान्य प्रशासन समिति समेत कुल 12 स्थायी समितियों का विधिवत गठन किया गया है, जिनमें प्रत्येक समिति के सभापति और सदस्य नियुक्त किए गए हैं, जबकि सचिव की जिम्मेदारी संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपी गई है। समितियों के गठन और आधिकारिक सूची सार्वजनिक की गई है, ताकि विभागीय कार्य सुचारू और प्रभावी ढंग से संचालित हो सकें।

इसी बीच भैयाथान क्षेत्र में नेहा सिंह नाम की महिला के बारे में स्थानीय स्तर पर सवाल उठे हैं। नेहा सिंह सोशल मीडिया पर स्वयं को सभापति और जनपद पंचायत सदस्य, क्षेत्र क्रमांक-4 बताकर प्रचारित कर रही हैं और कई मौकों पर प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय नजर आई हैं। हालांकि, जनपद पंचायत द्वारा जारी आधिकारिक सूची में उनका नाम कहीं भी दर्ज नहीं है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सामान्य प्रशासनिक बैठकों में भी नेहा सिंह की उपस्थिति देखी गई है। आमतौर पर इन बैठकों में केवल निर्वाचित सदस्य और अधिकृत अधिकारी ही भाग लेते हैं। इसके अलावा जिला स्तर और रायपुर में आयोजित प्रशिक्षण शिविरों में भी नेहा सिंह की भागीदारी चर्चा का विषय बनी हुई है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि नेहा सिंह वास्तव में किसी समिति की सभापति या क्षेत्र क्रमांक-4 की निर्वाचित सदस्य हैं, तो उसका आधिकारिक आदेश सार्वजनिक होना चाहिए। यदि ऐसा कोई आदेश नहीं है, तो यह स्पष्ट होना चाहिए कि वे किस आधार पर खुद को पदाधिकारी बताकर सक्रिय हैं।

इस मामले पर जनपद पंचायत भैयाथान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) विनय गुप्ता ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और संबंधित व्यक्ति से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर स्पष्टता का इंतजार किया जा रहा है और क्षेत्र में यह मुद्दा सवालों और चर्चाओं के केंद्र में बना हुआ है।

Read More : तेलीबांधा में विदेशी मुद्रा के नाम पर ठगी का खुलासा, आरोपी प्रोसेनजित चक्रवर्ती गिरफ्तार, नगदी और महंगे आईफोन किए जब्त


Related Articles