हीराकुंड एक्सप्रेस में 10 किलो गांजा बरामद, जीआरपी की बड़ी कार्रवाई; अज्ञात तस्करों की तलाश तेज

हीराकुंड एक्सप्रेस में 10 किलो गांजा बरामद, जीआरपी की बड़ी कार्रवाई; अज्ञात तस्करों की तलाश तेज

CG News: रायगढ़। रेलवे सुरक्षा व्यवस्था के तहत जीआरपी (GRP) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हीराकुंड एक्सप्रेस से 10 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जीआरपी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ट्रेन संख्या 20807 अप हीराकुंड एक्सप्रेस के एम-1 कोच के बाथरूम के ऊपर बनी फॉल्स सीलिंग में संदिग्ध पैकेट छिपाकर रखे गए हैं। सूचना के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई की तैयारी की।

फॉल्स सीलिंग में छिपाकर रखा गया था गांजा

वरिष्ठ अधिकारियों के मौके पर पहुंचने में संभावित देरी और संदिग्ध सामग्री को हटाए जाने की आशंका को देखते हुए जीआरपी टीम ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया। ट्रेन के रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचने पर एम-1 कोच की गहन जांच की गई। तलाशी के दौरान बाथरूम के ऊपर फॉल्स सीलिंग खुली हुई मिली, जहां से खाकी रंग के सेलो टेप में लिपटे 10 पैकेट बरामद किए गए।

गवाहों की मौजूदगी में पैकेट खोले जाने पर उनमें सफेद पॉलीथीन में पैक गांजा पाया गया। पुलिस ने सभी पैकेट जब्त कर लिए और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

तस्करों की पहचान में जुटी पुलिस

जीआरपी ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा ट्रेन में किस स्टेशन से रखा गया था और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था।

रेलवे मार्ग से नशे की तस्करी पर नजर

जीआरपी पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने बताया कि रेलवे मार्ग के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Related Articles